
INDW vs SLW: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने महिला क्रिकेट के फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारत ने इससे पहले 2023 एशियन गेम्स में भी महिला क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीता था।
नागोया के निसिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा।
मंधाना-शैफाली ने दी तूफानी शुरुआत
भारत की पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने की। दोनों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर शुरू से ही दबाव बनाया और पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। मंधाना ने 45 गेंदों पर 79 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शेफाली वर्मा ने 29 गेंदों में 48 रन बनाए।
इसके बाद ऋचा घोष ने पारी को विस्फोटक अंदाज में खत्म किया। उन्होंने महज 22 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए और भारत को 216 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
217 रन के लक्ष्य के सामने श्रीलंका ढेर
217 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 69 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने मुकाबला 147 रन के बड़े अंतर से अपने नाम किया।
भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट चटकाए। वहीं शेफाली वर्मा, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल ने 2-2 विकेट लेकर श्रीलंकाई पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।
एशियन गेम्स में फिर भारत का दबदबा
इस जीत के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक हासिल किया। महिला क्रिकेट स्पर्धा में भारत ने गोल्ड, श्रीलंका ने सिल्वर और पाकिस्तान ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।







