
लातेहार: बरवाडीह थाना क्षेत्र के खुरा पंचायत अंतर्गत खुरा गांव में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नदी पार कर रहे ग्रामीणों पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से कई ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह सभी घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम कुछ ग्रामीण नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियों ने उन पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार मच गई। मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई ग्रामीणों को मधुमक्खियों ने डंक मार दिया।
घटना की सूचना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वहां से सुरक्षित निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
मधुमक्खियों के हमले में गंभीर रूप से घायल सुदेश्वर साव की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए पलामू स्थित मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, इलाज के दौरान सुदेश्वर साव की मौत हो गई।
सुदेश्वर साव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, इस घटना के बाद खुरा गांव में भी शोक का माहौल है। अचानक हुए मधुमक्खियों के हमले से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।







