
पलामू: जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। दो बदमाशों ने पहले हथियार के बल पर एक पल्सर बाइक लूट ली और उसी बाइक से बैंक ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में लूटपाट करने पहुंच गए। हालांकि, CSP में लूट की कोशिश उस वक्त नाकाम हो गई, जब गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह विष्णु प्रजापति लातेहार जिले के मनिका से अपने रिश्तेदार के घर से पल्सर बाइक (जेएच 03 ए क्यू 38 36) से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल तथा पोखराहा गांव के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-39 फोरलेन पर अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। बाइक लूट की घटना के बाद पीड़ित ने इसकी सूचना सतबरवा थाना पुलिस को दी।
पुलिस मामले की जांच में जुटी ही थी कि इसी बीच लूटी गई बाइक से दोनों युवक लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में स्थित एक CSP पहुंच गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने CSP में लूटपाट की कोशिश की। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ जुटती देख दोनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को अपने कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से पिस्टल, बैग, खोखा और लूटी गई बाइक बरामद की गई।
पुलिस दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व की घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।






