
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के एक गांव में सोमवार को तीन नाबालिगों के साथ ग्रामीणों द्वारा सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दो नाबालिग लड़कों और एक नाबालिग लड़की की कथित तौर पर गांव में सार्वजनिक रूप से परेड करवाई गई और फिर बिजली के खंभे से बांध कर माफी मंगवाई गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों नाबालिग लड़के देर रात लड़की से मिलने उसके घर पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों युवकों की पिटाई भी की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों नाबालिगों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया और पूछताछ के लिए कोडरमा थाना लेकर आई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नाबालिगों के एक साथ होने के पीछे क्या वजह थी और क्या मामला आपसी जान-पहचान या प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल तीनों नाबालिगों को रेस्क्यू किए जाने के बाद थाने लाया गया था। फिलहाल दोनों नाबालिग लड़के पुलिस की निगरानी में हैं, लड़कों को पुलिस स्टेशन में ही रुकने के लिए कहा गया है। जबकि नाबालिग लड़की को उसके घर भेज दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि मामले में अब तक नाबालिगों के परिजनों अथवा ग्रामीणों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी दावों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







