{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
कोडरमा: जिले की तिलैया पुलिस ने बैंक लूट की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने इंदरवा बस्ती स्थित एक मकान में छापेमारी कर बिहार के चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रिंस पांडेय उर्फ बाबा के पैर में गोली लगी।
जानकारी के मुताबिक, कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष को सूचना मिली थी कि बिहार से आए कुछ अपराधी तिलैया थाना क्षेत्र की इंदरवा बस्ती में एक मकान में किराए पर रह रहे हैं। पुलिस को आशंका थी कि ये लोग किसी बैंक को निशाना बनाने की तैयारी में हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध मकान को चिन्हित किया। इसके बाद सोमवार देर रात पुलिस ने करीब तीन घंटे तक अभियान चलाकर कार्रवाई की।
पुलिस पहुंची तो अपराधियों ने शुरू कर दी फायरिंग
पुलिस टीम जब मकान के पास पहुंची तो अंदर मौजूद अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उन्हें घेर लिया। इसी दौरान प्रिंस पांडेय उर्फ बाबा के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने मौके से प्रिंस के अलावा उसके तीन साथियों सन्नी, अतुल और अमन को भी गिरफ्तार कर लिया। गोली लगने से घायल प्रिंस को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस की कार्रवाई के दौरान बचाव करते समय तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के पैर में भी चोट आई है।
तीन पिस्टल और 15 जिंदा कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से तीन पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और लूट की वारदात में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके गिरोह के दूसरे सदस्यों और पूर्व की आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
घायल आरोपी प्रिंस पांडेय ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसका गिरोह कोडरमा बाजार स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में लूट की तैयारी कर रहा था। उसके मुताबिक, हाजीपुर के निरंतर सिंह के निर्देश पर वह अपने तीन साथियों के साथ कोडरमा पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी पिछले करीब तीन दिनों से इंदरवा बस्ती में राय जी नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर रह रहे थे। इस दौरान वे लगातार बैंक और उसके आसपास के इलाके की रेकी कर रहे थे।
पूछताछ में प्रिंस ने कथित तौर पर बताया कि गिरोह एक-दो दिन के भीतर बैंक लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बैंक की रेकी के दौरान आरोपियों ने किन-किन गतिविधियों को अंजाम दिया और उनके संपर्क में स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग थे।
प्रिंस के बयान के अनुसार, गिरोह का कथित मुख्य सरगना निरंतर सिंह पहले गूगल मैप के जरिए बैंक की लोकेशन तलाशता था। इसके बाद अपने साथियों को संबंधित शहर या इलाके में भेजकर बैंक और आसपास के क्षेत्र की रेकी कराई जाती थी। पुलिस अब निरंतर सिंह की भूमिका और गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान बैंक लूट की इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों और गिरोह की गतिविधियों को लेकर अहम जानकारी सामने आ सकती है।





