
लातेहार: मनिका थाना क्षेत्र से 15 अगस्त से लापता छोटू कुमार (16) की हत्या का पुलिस ने 38 दिन बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कुमंडीह जंगल स्थित बंशी नाला से किशोर का कंकाल बरामद किया है। इस मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने मोबाइल लूटने के इरादे से किशोर को बहला-फुसलाकर जंगल ले जाकर उसकी हत्या कर दी थी।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिंजो निवासी प्रेमचंद भुइयां (19) और बेलवाटांड़ निवासी शिवम भुइयां उर्फ शिवम कुमार उर्फ श्याम (20) के रूप में हुई है। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि छोटू कुमार को आरोपियों ने मोबाइल छीनने के उद्देश्य से बहला-फुसलाकर जंगल की ओर बुलाया था। पुलिस के अनुसार, जंगल में मोबाइल को लेकर विरोध होने पर आरोपितों ने किशोर का गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को जंगल में छिपा दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर कुमंडीह जंगल स्थित बंशी नाला से किशोर का कंकाल बरामद किया गया। घटनास्थल से उसके कपड़े, स्कूल ड्रेस, चप्पल और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक को भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस बरामद सामान और आरोपितों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है। कंकाल की पहचान की औपचारिक प्रक्रिया समेत हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।







