
लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार को एक निजी स्कूल के अंदर शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी युवक ने खुद को भी गोली मार ली। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में हुई, जिससे स्कूल परिसर में बच्चों और स्टाफ के बीच अफरातफरी मच गई। वारदात के बाद स्कूल प्रबंधन ने आज छुट्टी घोषित कर दी है।
मृतकों की पहचान मोहल्ला हिदायत नगर निवासी निशात फातिमा (26) और नौरंगाबाद निवासी मोहम्मद सऊद अंसारी (28) के रूप में हुई है। निशात स्कूल में पिछले करीब एक साल से शिक्षिका के तौर पर कार्यरत थीं।
बैग में तमंचा लेकर स्कूल पहुंचा था सऊद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सऊद अंसारी और निशात फातिमा के बीच पहले से प्रेम संबंध था। हाल ही में निशात ने सऊद से संबंध खत्म कर लिया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सऊद वारदात को अंजाम देने के इरादे से बैग में 315 बोर का तमंचा लेकर स्कूल पहुंचा।
बताया गया कि सऊद ने निशात से मिलने की बात कहकर स्कूल परिसर में प्रवेश किया। कुछ देर बातचीत के बाद दोनों पहली मंजिल पर सीनियर केजी कक्षा के बाहर कॉरिडोर में पहुंचे। इसी दौरान सऊद ने बैग से तमंचा निकालकर निशात पर फायरिंग कर दी। बचने के लिए भागने की कोशिश कर रही शिक्षिका पर उसने दोबारा गोलियां चलाईं।
इसके बाद सऊद ने अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली सिर को आर-पार करते हुए निकल गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
शिक्षिका के सिर में लगीं चार गोलियां
सोमवार देर रात दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, निशात फातिमा के सिर में कुल चार गोलियां लगी थीं। इनमें दो गोलियां सिर के ऊपरी हिस्से और दो सिर के पीछे निचले हिस्से में गर्दन के ठीक ऊपर लगीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, चार में से तीन गोलियां सिर के अंदर फंसी मिलीं, जबकि एक गोली बाहर निकलकर बालों में फंसी थी। वहीं सऊद के सिर में एक ही गोली लगी, जो कनपटी से आर-पार हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे और एक कारतूस बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक कुल पांच राउंड फायरिंग हुई थी। मौके पर मिले खोखों की संख्या को लेकर भी जांच की जा रही है।
CCTV में शिक्षिका को खींचकर ले जाता दिखा आरोपी
घटना से पहले का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में आरोपी सऊद शिक्षिका को अपने साथ खींचकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
मृतका के भाई शादाब अख्तर ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपी सऊद अंसारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर के मुताबिक, सऊद अंसारी लंबे समय से निशात फातिमा का पीछा कर रहा था और उन्हें परेशान करता था। परिवार का आरोप है कि आरोपी निशात पर शादी के लिए दबाव भी बना रहा था।
परिजनों के अनुसार, उन्होंने कई बार सऊद को समझाने की कोशिश की थी। साथ ही उसके माता-पिता से भी शिकायत की गई थी, लेकिन कथित तौर पर इसके बावजूद उसकी हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया।
शादाब अख्तर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सऊद अंसारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, आरोपी के माता-पिता के खिलाफ BNS की धारा 61 के तहत आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस इन सभी साक्ष्यों के आधार पर घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।







