
बाइक,मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद
आकाश लोहार
गढ़वा
नशे का कारोबार सिर्फ कानून तोड़ने का मामला नहीं,बल्कि यह उन परिवारों और युवाओं के भविष्य पर सीधा हमला है,जिन्हें नशे की गिरफ्त से बचाना समाज और पुलिस दोनों की बड़ी जिम्मेदारी है,इसी जिम्मेदारी को निभाते हुए पलामू पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है,पुलिस की इस कार्रवाई में करीब 9.660 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है,मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है,पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से अफीम के अलावा एक मोटरसाइकिल,मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी जब्त की है,पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को लेकर जांच तेज कर दी गई है।
गुप्त सूचना ने खोला अफीम के कारोबार का राज :- पुलिस के अनुसार,21 सितंबर की शाम पुलिस अधीक्षक पलामू को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के गया जिले का एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा चराई में अफीम की खरीद बिक्री करने पहुंचने वाला है,सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ छतरपुर के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया,टीम ने बिना समय गंवाए करमा चराई रोड स्थित पथलगढ़ा के समीप छतरपुर जपला मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू कर दी।
आधी रात में तेज रफ्तार बाइक ने बढ़ाया शक :- रात गहराती गई और पुलिस की नजरें सड़क पर आने जाने वाले वाहनों पर टिकी रहीं,इसी दौरान मध्य रात्रि में एक मोटरसाइकिल तेज रफ्तार से आती दिखाई दी,पुलिस टीम को देखते ही बाइक चालक ने भागने का प्रयास किया,लेकिन पुलिस की सतर्कता के सामने उसकी कोशिश काम नहीं आई,टीम ने उसे पकड़ लिया और बाइक की तलाशी ली,पूछताछ में चालक की पहचान रंजन रजक 36 वर्ष,ग्राम डुमरिया,थाना डुमरिया,जिला गया,बिहार के रूप में हुई।
बाइक की डिक्की से मिली 2.660 किलो अफीम :- पुलिस ने जब मोटरसाइकिल संख्या BR02BG-8511 की डिक्की की तलाशी ली तो उसमें दो काले प्लास्टिक में छिपाकर रखी गई 2.660 किलोग्राम अफीम बरामद हुई,इसके बाद पुलिस ने रंजन रजक से पूछताछ की,पुलिस के मुताबिक,पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर टीम ने ग्राम मंझौली निवासी दयानंद प्रसाद के घर पर छापेमारी की।
घर के कमरे से बरामद हुई 7 किलो अफीम :- तलाशी के दौरान पुलिस को घर के एक कमरे से 7 किलोग्राम अवैध अफीम मिली,इस बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में दूसरे आरोपी दयानंद प्रसाद को भी गिरफ्तार कर लिया,इस तरह पुलिस ने दोनों स्थानों से कुल 9.660 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है।
NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला :- इस पूरे मामले को लेकर छतरपुर थाना कांड संख्या 156/2026 दर्ज किया गया है,पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 18(b)/25/29 NDPS Act के तहत प्राथमिकी दर्ज की है,पुलिस के अनुसार,दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
अब असली नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस :- हालांकि कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अफीम बरामद हो चुकी है,लेकिन पुलिस की जांच अभी खत्म नहीं हुई है,पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में अफीम कहां से लाई गई थी,इसे कहां पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन कौन लोग जुड़े हुए हैं,पुलिस अफीम के स्रोत और संभावित गंतव्य की जानकारी जुटाने के साथ साथ इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पलामू पुलिस की आम लोगों से अपील :- पलामू पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की खरीद बिक्री,परिवहन या भंडारण से जुड़ी कोई भी जानकारी सामने आती है तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें,पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी,नशे के खिलाफ यह कार्रवाई सिर्फ बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है,बल्कि उस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश है,जो युवाओं और समाज के भविष्य को नशे की ओर धकेलने में लगा हुआ है,अब देखना होगा कि पुलिस की जांच इस नेटवर्क की कितनी गहराई तक पहुंचती है।







