
गिरिडीह: पीरटांड थाना क्षेत्र के मंडरडीह (लेढवा) में मंगलवार रात झुंड से बिछड़े हाथी ने बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। हाथी के कुचलने से 70 वर्षीय मंगरा मांझी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी 65 वर्षीय बड़की देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परिजनों के मुताबिक, मंगरा मांझी को दिखाई नहीं देता था। रात में शौच के लिए उनकी पत्नी उन्हें घर से बाहर ले गई थीं। इसी दौरान हाथी के सामने आने पर दोनों उसकी चपेट में आ गए।
मृतक के नाती मनीष सोरेन ने बताया कि घर लौटने पर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने मंगरा मांझी को मृत घोषित कर दिया।
हाथियों की संख्या को लेकर परिजनों और प्रशासन के दावों में अंतर है। मनीष सोरेन के अनुसार, मौके पर 5-6 हाथी थे, जबकि पीरटांड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि घटना को झुंड से बिछड़े एक हाथी ने अंजाम दिया। वन विभाग की टीम क्षेत्र में सक्रिय है और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।







