
जामताड़ा: जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। करमाटांड़-मदनकट्टा मुख्य सड़क पर शहरजोरी के पास मवेशी लदा बोलेरो वाहन तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में बोलेरो सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन में लदे पांच मवेशियों में से तीन बैलों ने भी दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के चिरूडीह गांव निवासी अशरफ (35) और रफीक अंसारी (40) के रूप में हुई है।
तीखे मोड़ पर बिगड़ा वाहन का संतुलन
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में पांच मवेशियों को लेकर ले जाया जा रहा था। इंद्राटांड़ के समीप सड़क के तीखे मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन सवार दोनों युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन मवेशियों की भी जान चली गई।
हादसे के बाद मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही करमाटांड़ थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तीखे मोड़ पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। साथ ही, पशुओं के परिवहन के पीछे तस्करी के एंगल से भी जांच की जा रही है।






