
जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना के दौरान आरोपितों ने युवती का वीडियो भी बनाया और उसे पुलिस को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित ऋतिक गौरव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घटना 6 सितंबर की शाम अजय नदी घाट के समीप की बताई जा रही है। पीड़िता की शिकायत पर मिहिजाम थाना में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 127(2), 308, 351 एवं 3(5) अंकित हैं।
आईटीआई की पढ़ाई के दौरान हुई थी पहचान
प्राथमिकी में पीड़िता ने बताया है कि आईटीआई की पढ़ाई के दौरान उसकी पहचान ऋतिक गौरव से हुई थी। आरोप है कि घटना वाले दिन ऋतिक ने किसी बहाने से उसे अजय नदी घाट के समीप बुलाया। वहां ऋतिक और उसके दोस्तों ने कथित तौर पर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान उसका वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद वीडियो वायरल करने और पुलिस को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। युवती ने आरोपितों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है।
एक आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मामले की जानकारी मिलने के बाद मिहिजाम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऋतिक गौरव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। प्राथमिकी में ऋतिक गौरव के अलावा सपना रजक, श्याम समेत पांच लोगों को आरोपित बनाया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।






