
गढ़वा: जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र में शादीशुदा महिला से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक को महिला के परिजनों ने पकड़ लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, डंडई थाना क्षेत्र निवासी सुएब खान का महिला से शादी से पहले से प्रेम संबंध था। बाद में महिला की शादी रमकंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में हो गई। आरोप है कि शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि युवक शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
बताया जाता है कि मंगलवार शाम सुएब खान महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान महिला के परिजनों की नजर उस पर पड़ गई। परिजनों ने युवक को पकड़ लिया और इसकी सूचना रमकंडा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाना ले आई। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।






