
पलामू: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में करमा पूजा के दौरान कोयल नदी में हुए दर्दनाक हादसे में लापता पांचवें किशोर हेमंत कुमार का शव शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। करीब 48 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद हेमंत का शव गढ़वा जिले के बेलचंपा इलाके में कोयल नदी किनारे से मिला। शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द में करमा पूजा के बाद करम डाल का विसर्जन किया जा रहा था। इसी दौरान कोयल नदी में पांच किशोर डूब गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तलाश शुरू की गई। चार किशोरों के शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर के दायरे में बरामद कर लिए गए थे, जबकि हेमंत कुमार का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
गुरुवार से चल रहा था सर्च ऑपरेशन
पांचवें किशोर की तलाश के लिए पलामू जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को लगाया था। एनडीआरएफ के जवान गुरुवार से ही कोयल नदी में सघन तलाशी अभियान चला रहे थे। शुक्रवार को पुलिस और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम को सफलता मिली और बेलचंपा इलाके में नदी के किनारे से हेमंत का शव बरामद कर लिया गया।
एक-दूसरे को बचाने में पांचों दोस्त डूबे
बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांच किशोर आपस में दोस्त थे और एक ही गांव व मोहल्ले के रहने वाले थे। करम डाल विसर्जन के दौरान एक किशोर नदी में डूबने लगा। उसे बचाने की कोशिश में दूसरे किशोर भी पानी में उतरते गए और देखते ही देखते पांचों गहरे पानी की चपेट में आकर जान गंवा बैठे।







