
मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम किए गए प्रस्तुत
जमशेदपुर। बारीगोड़ा में रूरल एम्पावरमेंट इम्पैक्ट फाउंडेशन (Rural Empowerment Impact Foundation) द्वारा संचालित ‘उषा लर्निंग स्पेस’ का भव्य उद्घाटन समारोह उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

केंद्र का उद्घाटन बारीगोड़ा क्षेत्र की मुखिया सुनीता नाग ने किया।

इस अवसर पर उषा मिश्रा द्वारा मुख्य अतिथि एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों को सम्मानित किया गया।

‘उषा लर्निंग स्पेस’ का उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं को शिक्षा, कौशल विकास, शारीरिक स्वास्थ्य एवं आत्मरक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। संस्थान में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक JAC, CBSE एवं ICSE बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए कोचिंग कक्षाएं संचालित की जाएंगी। जूनियर कक्षाओं की जिम्मेदारी वर्षा सिंह तथा सीनियर कक्षाओं की जिम्मेदारी गौतम कुमार संभालेंगे।
इसके अतिरिक्त बच्चों के लिए डांस क्लास तथा महिलाओं के लिए जुंबा कक्षाएं दिनेश कुमार प्रजापति के मार्गदर्शन में संचालित होंगी। अंजलि कुमारी द्वारा कंप्यूटर शिक्षा प्रदान की जाएगी, जबकि नरेंद्र कुमार एवं रीता कुमारी द्वारा योग प्रशिक्षण दिया जाएगा। बच्चों एवं युवाओं में आत्मरक्षा, अनुशासन एवं शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुनील कुमार के मार्गदर्शन में ताइक्वांडो की कक्षाएं भी शुरू की गई हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान डांस क्लास के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों की उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के अंत में उषा मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों एवं युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न कौशलों को सीखने तथा अपनी प्रतिभा को विकसित करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
रूरल एम्पावरमेंट इम्पैक्ट फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘उषा लर्निंग स्पेस’, बारीगोड़ा शिक्षा, कला, स्वास्थ्य, कौशल विकास एवं आत्मरक्षा को एक ही मंच पर जोड़कर ग्रामीण समुदाय के सशक्तीकरण की दिशा में एक नई पहल के रूप में कार्य करेगा।




