
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 लीटर देशी महुआ शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की लूना मोटरसाइकिल भी जब्त की है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान थाना क्षेत्र के पूर्णानगर गांव निवासी उपेंद्र राम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार उपेंद्र राम लूना मोटरसाइकिल पर 30 लीटर अवैध देशी महुआ शराब लेकर नरही गांव में बिक्री करने के लिए जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। ग्रामीणों ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके पास शराब होने की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को शराब व मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया कि नरही गांव के ग्रामीणों ने गांव में अवैध शराब की बिक्री को लेकर शराब तस्कर उपेंद्र राम को पहले भी कई बार चेतावनी दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद वह शराब बेचने का काम जारी रखे हुए था। इससे नाराज ग्रामीणों ने एकजुट होकर उसे शराब के साथ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की पूछताछ के दौरान क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के निर्माण को लेकर भी जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार थाना क्षेत्र के नयाखाड़ गांव स्थित झरिवा जंगल में बड़े पैमाने पर अवैध देशी महुआ शराब तैयार किए जाने की चर्चा है। ग्रामीणों द्वारा पूछताछ किए जाने पर गिरफ्तार तस्कर ने कथित रूप से पूर्णानगर निवासी छोटू कुमार की भट्ठी से शराब लाने की बात कही। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत पुष्टि नहीं की गई है।
अवैध कारोबार पर होगी कार्रवाई : थाना प्रभारी
इस संबंध में थाना प्रभारी अविनाश राज ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है और सत्यापन के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध शराब का निर्माण या बिक्री होने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।







