
जमशेदपुर: लोहनगरी जमशेदपुर की सियासत में उस वक्त सियासी पारा अचानक चढ़ गया, जब उपायुक्त (DC) कार्यालय के बाहर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का हुजूम काले लिबास और काली पगड़ियों में उतर आया। मौका था ‘काला दिवस’ के जरिए सीधे दिल्ली के सत्ता के गलियारों तक अपनी गूंज पहुंचाने का। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लेते हुए जिला कांग्रेस ने न सिर्फ उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठाए, बल्कि उन्हें पद से हटाने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर डाली।

राजधानी की घटना की आंच पहुंची कोल्हान
दिल्ली में विपक्षी नेताओं—राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे—के साथ विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार का असर अब राज्यों के जिला मुख्यालयों तक साफ दिखने लगा है। जमशेदपुर में आयोजित इस तीखे प्रदर्शन में नेताओं ने साफ लफ्जों में कहा कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार किया जा रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाने की सुनियोजित कोशिश हो रही है।
13 करोड़ वोटों का ‘गणित’ और बैलेट पेपर का राग
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह और वरिष्ठ नेता डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने निर्वाचन प्रणाली पर ही गंभीर सवाल खड़े कर दिए। मंच से दावा किया गया कि देश में करीब 13.20 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से गायब किए जाने की आशंका लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है। नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के बीच कथित ‘साठगांठ’ का आरोप लगाते हुए मांग उठाई कि अगर चुनाव की विश्वसनीयता बचानी है, तो मतपत्रों (बैलेट पेपर) की व्यवस्था पर विचार करना ही होगा।
“जब संवैधानिक संस्थाएं सत्ता की छाया में काम करने लगें, तो विपक्ष का सड़कों पर उतरना मजबूरी नहीं, लोकतांत्रिक जिम्मेदारी बन जाता है।” — कांग्रेस नेताओं का साझा सुर।
दिग्गजों की मौजूदगी और लंबा शक्ति प्रदर्शन
पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे और रवींद्र कुमार झा ने भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। इस सियासी हलचल के दौरान केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी हुई।
संजय सिंह आजाद के संचालन में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस के दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने शक्ति प्रदर्शन कर यह संदेश देने की कोशिश की कि चुनावी निष्पक्षता और मतदाता सूची के मुद्दे पर कांग्रेस अब आर-पार के मूड में है।




