
चतरा : चतरा पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर किसी खौफनाक वारदात को अंजाम देने की नीयत से घात लगाए बैठे एक शातिर बदमाश को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी के पास से भारी मात्रा में कारतूस और एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया है।
ढाबे के पास मँडरा रहा था संदिग्ध, पुलिस को देखते ही जंगल की ओर दौड़ा
मामला 11 अक्टूबर का है। पुलिस को गुप्त इनपुट मिला था कि चतरा-सिमरिया रोड स्थित साई नाथ लाइन होटल के इर्द-गिर्द एक हथियारबंद शख्स संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है और किसी गंभीर वारदात की रेकी कर रहा है।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम हरकत में आई। पुलिस बल जैसे ही लाइन होटल के पास पहुंचा, मैदान में मौजूद संदिग्ध पुलिस की गाड़ी देखते ही घबराकर पास के घने जंगलों की ओर भागने लगा। जवानों ने बिना वक्त गंवाए पीछा किया और जंगल के रास्ते में ही उसे चारों तरफ से घेरकर काबू में कर लिया।
तलाशी में खुला गोला-बारूद का जखीरा
आरोपी की पहचान मुकेश गंझू (उम्र 40 वर्ष), निवासी भगिया बरवा टोली, बालूमाथ (जिला लातेहार) के रूप में हुई है। शुरुआती जामा तलाशी में उसके पास से 1 देशी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस मिले। इसके बाद जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसने जंगल में छिपाए गए गोला-बारूद का ठिकाना उगल दिया।
पुलिस द्वारा जब्त सामान:
देशी कट्टा: 01
जिंदा कारतूस: 54
मिसफायर गोली: 06
खोखा: 02
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज, जेल भेजने की तैयारी
सदर थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में इलाके की टोह ले रहा था। मामले में सदर थाना कांड संख्या 421/2026 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं (25(1-b)a/26/35) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
इस सफल ऑपरेशन में SDPO सन्नी वर्धन के साथ सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पु०अ०नि० सुनील कुमार, स०अ०नि० रवि रंजन कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।





