
झारखंड वार्ता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। शारदीय नवरात्र के अवसर पर शहर के सब्जी बाजार स्थित जय भामा शाह क्लब की ओर से आयोजित महाआरती में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। नवरात्र के दूसरे दिन संध्या में हुई महाआरती से पूरा पूजा पंडाल भक्तिमय हो गया। मां दुर्गा के जयकारों से परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से मां की आराधना कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
महाआरती के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालु मां दुर्गा की स्तुति करते रहे। दीपों की रोशनी से पूरा पंडाल जगमगा उठा। आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
नवमी तक प्रतिदिन होगी महाआरती : भोलू
जय भामा शाह क्लब के अध्यक्ष रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू ने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों तक प्रतिदिन संध्या में महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्लब की ओर से प्रकाश, बैठने और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि नवरात्र का पर्व श्रद्धा, भक्ति और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। पूजा में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी से आयोजन का उत्साह बढ़ता है।
मौके पर क्लब के संरक्षक भारत भूषण प्रसाद, कामेश्वर प्रसाद, प्रताप जायसवाल, अशोक जायसवाल, मंटू जायसवाल, वीरेंद्र प्रसाद अग्रहरी, अमित कुमार गुड्डू, सचिव ऋतुराज जायसवाल, उपाध्यक्ष अजीत केशरी और नित्यानंद कुमार सहित कार्यकारिणी सदस्य आशीष गुप्ता, रंजू कुमार, शशि कुमार, प्रियांशु कुमार, अक्षय कुमार और सूरज कुमार समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।





