
जमशेदपुर: लौहनगरी में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर खुलेआम दहशत का खेल खेला है। मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुइयांडीह ग्वाला बस्ती का है, जहां 26 अक्टूबर की देर रात ‘बाबा फैंसी स्टोर’ के संचालक के घर और दुकान को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
सीसीटीवी में कैद हुई अपराधियों की करतूत
मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात रात करीब 11 बजे की है। चार की संख्या में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने अचानक कारोबारी के प्रतिष्ठान पर धावा बोल दिया। अपराधियों ने न सिर्फ दहशत फैलाने की नीयत से गोलियां चलाईं, बल्कि दुकान में जमकर तोड़फोड़ भी की। गनीमत रही कि गोलीबारी के दौरान दुकानदार का बेटा बाल-बाल बच गया, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। पूरी वारदात मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आ चुका है।
पुलिस की कार्यशैली पर खड़े हुए सवाल
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत सिदगोड़ा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने शुरुआत में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि महज कुछ ही घंटों के भीतर दोनों को छोड़ दिया गया।
पुलिस के इस ढुलमुल रवैये से पीड़ित परिवार सहमा हुआ है और खाकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों में भी इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि सरेआम गोली चलाने और तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसने के बजाय उन्हें ढील क्यों दी जा रही है।
दहशत के साए में ग्वाला बस्ती
वारदात के बाद से भुइयांडीह ग्वाला बस्ती के स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में भारी डर का माहौल है। अब सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि खुलेआम कानून को चुनौती देने वाले इन बेखौफ बदमाशों पर पुलिस कब तक सख्त एक्शन लेती है, या फिर पीड़ित परिवार यूं ही खौफ के साए में जीने को मजबूर रहेगा?



