
अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेललाइन पर 50 जीबी गांव के नजदीक हुई घटना, पुलिस, एफएसएल और बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा
श्रीगंगानगर। राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक के पास हुए जोरदार धमाके से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत 50 जीबी गांव के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन की है। धमाके के कारण रेलवे ट्रैक को सहारा देने वाले सीमेंट के दो खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेललाइन पर ट्रेन के गुजरने के कुछ ही समय बाद अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। जब मौके पर जांच की गई तो रेलवे पटरी को सहारा देने वाले सीमेंट के दो खंभे टूटे और क्षतिग्रस्त मिले। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि यदि ट्रेन के गुजरने से कुछ समय पहले यह घटना होती, तो बड़ा रेल हादसा भी हो सकता था। हालांकि, ट्रेन के सुरक्षित गुजर जाने के कारण संभावित बड़े नुकसान की आशंका टल गई।
एसपी हरिशंकर पहुंचे घटनास्थल, जांच में जुटीं एजेंसियां
घटना की सूचना मिलते ही श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। रेलवे विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) की टीम और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है। दोनों टीमें रेलवे ट्रैक के आसपास बारीकी से जांच कर रही हैं और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
सीमावर्ती क्षेत्र में पहले भी मिला था RDX
गौरतलब है कि पाकिस्तान सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले में हाल ही में सीमावर्ती इलाके से करीब 7.5 किलोग्राम आरडीएक्स बरामद किया गया था। ऐसे में रेलवे लाइन के पास हुई इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
हालांकि, पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल रेलवे ट्रैक के पास हुई घटना का आरडीएक्स की बरामदगी से कोई संबंध सामने नहीं आया है। इस संबंध में किसी तरह का निष्कर्ष निकालना अभी उचित नहीं होगा।
जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी धमाके की वजह
एसपी हरिशंकर के मुताबिक, पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी है। रेलवे अधिकारियों के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञ और बम निरोधक दस्ता भी जांच में जुटे हैं। सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अभी यह निश्चित रूप से कहना जल्दबाजी होगी कि यह वास्तव में विस्फोट था या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है। जांच टीमों द्वारा जुटाए जा रहे साक्ष्यों और तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल रेलवे ट्रैक के पास हुई इस घटना ने सीमावर्ती जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।






