
मुंबई: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत का मामला करीब छह साल बाद एक बार फिर सुर्खियों में है। बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी बीच दिशा के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है।
सतीश सालियान की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस में आरोप लगाया गया है कि दोनों नेताओं की ओर से दिए गए बयानों में उनकी बेटी की मौत की जांच और न्याय की मांग को राजनीतिक मकसद से प्रेरित बताने की कोशिश की गई। नोटिस में कहा गया है कि इस तरह के कथित बयानों से सतीश सालियान की ईमानदारी, विश्वसनीयता और न्याय की लड़ाई की मंशा पर सवाल खड़े हुए।
500 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग
कानूनी नोटिस में सतीश सालियान ने 500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। साथ ही दोनों नेताओं से बिना शर्त सार्वजनिक और लिखित माफी मांगने तथा कथित बयानों को वापस लेने की मांग की गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, नोटिस में प्रमुख प्रिंट, टीवी और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर माफी प्रकाशित एवं प्रसारित करने की मांग भी शामिल है। दोनों नेताओं को जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिए जाने की बात सामने आई है।
नोटिस में आदित्य ठाकरे के उन बयानों का भी उल्लेख है, जिनमें सतीश सालियान की जांच की मांग को राजनीतिक और दुर्भावनापूर्ण बताया गया था। नोटिस के अनुसार, उनके प्रयासों को इस तरह पेश किया गया जिससे उनकी कानूनी लड़ाई की मंशा पर सवाल उठे। सतीश सालियान ने इन आरोपों को गलत और मानहानिकारक बताया है।
अनिल देशमुख के बयान का भी जिक्र
नोटिस में अनिल देशमुख के कथित बयानों का भी उल्लेख किया गया है। इसमें 23 मार्च 2025 को दिशा सालियान मामले को आदित्य ठाकरे को बदनाम करने की साजिश बताए जाने संबंधी टिप्पणी का हवाला दिया गया है। सतीश सालियान का आरोप है कि इस तरह के बयानों ने उनकी बेटी के मामले में न्याय की मांग को लेकर उनकी स्थिति को नुकसान पहुंचाया।
CBI जांच के बाद फिर चर्चा में मामला
दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक इमारत से गिरने के बाद हुई थी। उनकी मौत के छह दिन बाद अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हुई थी।
दिशा सालियान की मौत की शुरुआती जांच मुंबई पुलिस ने की थी। पुलिस की जांच में उनकी मौत को आत्महत्या बताया गया था। अब बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश के बाद CBI ने दिशा सालियान की मौत के मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू की है। FIR में आदित्य ठाकरे समेत कई लोगों की भूमिका जांच के दायरे में रखी गई है।
आदित्य ठाकरे ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं, आदित्य ठाकरे ने दिशा सालियान से किसी तरह की जान-पहचान या मुलाकात से इनकार किया है। बुधवार को X पर अपनी प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा कि दिशा सालियान की मौत से उनका नाम जोड़ना चरित्र हनन की एक जानबूझकर की गई कोशिश है। उन्होंने मामले में अपने खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह एक ऐसा अभियान है, जो कई वर्षों से चल रहा है।





