
उधमपुर: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया है। यह कार्रवाई मजालता तहसील के ब्रत्तल-खुबन इलाके के घने जंगलों में चलाए गए ‘ऑपरेशन सोहन’ के दौरान हुई। अभियान में सेना के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमें शामिल थीं।
सुरक्षा बलों के मुताबिक, खराब मौसम, दुर्गम पहाड़ी इलाका और कम दृश्यता के बावजूद जवानों ने इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। बुधवार रात आतंकियों से मुठभेड़ शुरू हुई, जिसमें दो आतंकियों को मार गिराया गया। दोनों के शव सुरक्षा बलों ने बरामद कर लिए हैं। हालांकि, उनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने मौके से एम-4 कार्बाइन राइफल समेत हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। शुरुआती जानकारी में दोनों मृत आतंकियों के जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने और पाकिस्तानी नागरिक की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
तीसरे आतंकी की तलाश जारी
बताया जा रहा है कि ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों के घेरे में तीन आतंकी फंसे थे। दो के मारे जाने के बाद तीसरे आतंकी को लेकर तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि वह घायल होकर जंगल में छिपा हो सकता है या घेरा तोड़कर भागने की कोशिश कर रहा हो। इसी को देखते हुए पूरे इलाके में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।
एक ओवर ग्राउंड वर्कर भी गिरफ्तार
इसी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने ब्रट्टल इलाके से एक ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) को भी गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां उसके संभावित आतंकी नेटवर्क से संबंधों की जांच कर रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, इलाके में 7-8 आतंकियों के एक समूह की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सेना, एसओजी और सीआरपीएफ पिछले कुछ दिनों से जंगलों में निगरानी और तलाशी अभियान चला रहे थे। बुधवार रात खुबन इलाके में संदिग्ध गतिविधि के बाद सुरक्षा बलों ने घेराबंदी की, जिसके बाद आतंकियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई।
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों की ओर से भारी हथियारों का इस्तेमाल किए जाने की भी जानकारी है। अभियान के तहत रॉकेट लॉन्चर से भी गोले दागे गए। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च, सर्विलांस और कॉर्डन ऑपरेशन जारी है।







