---Advertisement---

अवैध बालू खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 50 से 60 ट्रैक्टर बालू जब्त

On: May 31, 2026 9:55 AM
---Advertisement---

एसडीओ और डीएमओ की संयुक्त छापेमारी से माफियाओं में मचा हड़कंप

झारखंड वार्ता संवाददाता

श्री बंशीधर नगर(गढ़वा)। धुरकी क्षेत्र में कनहर नदी से बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध बालू खनन और डंपिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शिकायत मिलने के बाद शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा एवं जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) राजेंद्र उरांव ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में अंबाखोरेया इलाके में अवैध रूप से डंप कर रखे गए भारी मात्रा में बालू को जब्त किया गया। प्रशासन की अचानक कार्रवाई से बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार प्रशासन को लगातार सूचना मिल रही थी कि धुरकी क्षेत्र में कनहर नदी से अवैध रूप से बालू का खनन कर बड़े पैमाने पर उसका भंडारण और परिवहन किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ प्रभाकर मिर्धा एवं डीएमओ राजेंद्र उरांव ने संयुक्त रणनीति बनाकर गुप्त रूप से अंबाखोरेया क्षेत्र में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने मौके पर भारी मात्रा में अवैध रूप से डंप किया गया बालू पाया। प्रशासन के अनुसार लगभग 50 से 60 ट्रैक्टर बालू को जब्त किया गया है। अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू करते हुए संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

एसडीओ प्रभाकर मिर्धा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि अवैध खनन एवं खनिज संसाधनों की तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसे कार्यों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और अवैध खनन से पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है। ऐसे में अवैध कारोबार करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में बेचैनी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कनहर नदी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू खनन की शिकायतें मिल रही थीं और प्रशासन की यह कार्रवाई ऐसे कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now