
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर/रमना। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी के घर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तिहार चस्पा किया। पुलिस के अनुसार नगर ऊंटारी महिला थाना कांड संख्या 08/2026 के आरोपी रमना थाना क्षेत्र के बहियार खुर्द गांव निवासी मनीष कुमार, पिता मुखलाल पासवान के घर पर इश्तिहार चस्पा किया गया है।
इस संबंध में महिला थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी ने बताया कि माननीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, एससी/एसटी कोर्ट, नगर ऊंटारी के आदेश पर बीएनएसएस की धारा 84 के तहत जारी इश्तिहार का 28 जुलाई को रमना थाना पुलिस के सहयोग से विधिवत तामिला कराया गया। पुलिस टीम ने डुगडुगी बजवाकर आरोपी के घर इश्तिहार चस्पा किया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी से अविलंब न्यायालय अथवा संबंधित थाना में आत्मसमर्पण करने को कहा है। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज है। मामले में न्यायालय की ओर से आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब चार माह से गिरफ्तारी के भय से फरार चल रहा है। इश्तिहार की कार्रवाई के बाद भी यदि आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करता है तो उसके विरुद्ध न्यायालय के आदेशानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर महिला थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक गीता कुमारी, महिला थाना के पुलिसकर्मी तथा रमना थाना की गश्ती टीम शामिल रही।




