रेल इंजन-सड़क की चोरी के बाद एक और बड़ा कारनामा, रातों रात तालाब हो गया चोरी, मचा हड़कंप

On: December 30, 2023 10:49 AM
---Advertisement---
झारखंड वार्ता
बिहार:- प्रदेश से होश उड़ानें वाले चोरी के अजब-गजब वारदात सामने आते रहते हैं। पुल, सड़क, मोबाइल टावर, रेल इंजन, रेल ट्रैक की चोरी के बाद एक और हैरान करने वाला चोरी का मामला सामने आया है। दरभंगा जिले के नीम पोखर इलाके में भू-माफिया ने एक तालाब को रात के अंधेरे में चोरी छुपे मिट्टी से भर कर उसे समतल कर दिया और अपना कब्जा जमाने के लिए वहां रातों-रात एक झोपड़ी भी बना दी।
मामला सामने आने के बाद मुहल्ले के लोगों ने इसकी सूचना दरभंगा सदर के एसडीपीओ (SDPO) अमित कुमार को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ खुद एसडीपीओ अमित कुमार पहुंचे, लेकिन तब तक भू-माफिया मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद मुहल्ले के लोगों से पूछताछ की गई, जिसमें यह बात सामने आई कि यह सरकारी तालाब है और इसकी बंदोबस्ती भी होती रही है, यहां मछली पालन से लेकर पानीफल तक की खेती की जाती थी।
बताया जा रहा है कि जैसे ही तालाब में मिट्टी भराई का काम अवैध रूप से भू-माफिया ने शुरु किया था तब लोगों ने इसकी शिकायत भी की थी। मौके पर तब पुलिस बल के साथ अंचल के अधिकारी भी पहुंचे थे और मिट्टी भराई को रोक कुछ सामान को भी जब्त किया था, लेकिन समय के साथ सब मैनेज हो गया और महज एक सप्ताह के अंदर फिर भू-माफिया ने लगातार रात के अंधेरे में मिट्टी भर तालाब को समतल जमीन बना दिया।