बिहार

पटना हाईकोर्ट का आदेश, पीएम मोदी की मां पर बना AI वीडियो सोशल मीडिया से हटाए कांग्रेस

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को बड़ा कानूनी झटका लगा है। पटना हाई कोर्ट ने कांग्रेस द्वारा जारी किए गए उस एआई जनरेटेड वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाने का निर्देश दिया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां को दिखाया गया था।

कांग्रेस ने हाल ही में एक एआई वीडियो जारी किया था, जिसमें दावा किया गया था कि पीएम मोदी की मां उनके सपनों में आकर उनसे बातचीत करती हैं। वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने इसे बेहद आपत्तिजनक बताते हुए कांग्रेस पर पीएम मोदी की मां का अपमान करने का आरोप लगाया था।

बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक बार फिर मर्यादाओं को तोड़ रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह अब महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं, बल्कि “गालियों वाली कांग्रेस” बन गई है। वहीं, बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने इस वीडियो को शर्मनाक करार देते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर पीएम मोदी की दिवंगत मां का अपमान किया है और इसके लिए कांग्रेस नेताओं को देश से माफी मांगनी चाहिए।

इसी बीच, पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी मथुरभाई सवानी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस एआई वीडियो पर गहरी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की तकनीक का दुरुपयोग लोकतंत्र और सामाजिक मर्यादाओं के लिए खतरनाक है। उनके मुताबिक, इस वीडियो में जिस तरह के संवाद दिखाए गए हैं, वह भारतीय संस्कृति और परंपरा के खिलाफ हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि एआई तकनीक के इस तरह के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त नियम-कानून बनाए जाएं।

हाई कोर्ट के आदेश के बाद अब यह वीडियो सोशल मीडिया से हटाया जाएगा। यह मामला न केवल चुनावी राजनीति बल्कि एआई तकनीक के दुरुपयोग और उसके नियमन को लेकर भी बड़ी बहस छेड़ गया है।

ख़बर को शेयर करें।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।