---Advertisement---

“आपन सरस्वतिया” अभियान को मिल रहा जनसमर्थन, दूसरे दिन भी जारी रहा नदी सफाई कार्य

On: May 26, 2026 6:27 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

गढ़वा। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की पहल पर शुरू किए गए “आपन सरस्वतिया” अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को भी सरस्वतिया नदी के विभिन्न हिस्सों में सफाई एवं डी-सिल्टिंग (गाद हटाने) का कार्य लगातार जारी रहा। जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से चल रहे इस अभियान में दूसरे दिन दो जेसीबी एवं एक पोकलेन मशीन की मदद से नदी की सफाई कराई गई। अभियान को लेकर शहरवासियों में भी उत्साह देखा जा रहा है।

दूसरे दिन का अभियान शिवालया कंस्ट्रक्शन कंपनी, नगर परिषद गढ़वा तथा ‘सिग्नेचर वाटर’ के प्रोपराइटर कुंदन यादव समेत कई सामाजिक सहयोगकर्ताओं के सहयोग से संचालित किया गया। नगर परिषद की ओर से दो जेसीबी मशीन उपलब्ध कराई गई, वहीं सफाई कार्य की निगरानी के लिए दो नगर प्रबंधक एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक भी मौके पर मौजूद रहे। अभियान में उपयोग हो रहे वाहनों के लिए डीजल की व्यवस्था व्यवसायी कुंदन यादव द्वारा कराई गई।

अभियान का निरीक्षण करते हुए एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि “आपन सरस्वतिया” नाम रखने का उद्देश्य लोगों में अपनी नदी के प्रति अपनापन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सरस्वतिया नदी गढ़वा शहर की ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहर है और इसे बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन अकेले यह कार्य नहीं कर सकता, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है।

उन्होंने शहर के समाजसेवियों, संस्थाओं एवं सक्षम लोगों से आगे आकर सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जो लोग एक दिन के लिए जेसीबी मशीन, डीजल या अन्य संसाधन उपलब्ध करा सकते हैं, वे स्वेच्छा से अभियान से जुड़ें। उन्होंने बताया कि कई लोग स्वतः प्रेरित होकर अभियान में सहयोग कर रहे हैं और यदि इसी तरह जनसहयोग मिलता रहा तो सरस्वतिया नदी की पूर्ण सफाई तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

एसडीएम ने स्थानीय युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं से नदी किनारे फैले प्लास्टिक और अन्य कचरों की सफाई के लिए श्रमदान करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाएं इस अभियान में सहभागी बनकर पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सरस्वतिया नदी में जानबूझकर कचरा फेंकने, मिट्टी डालकर नदी क्षेत्र को भरने अथवा भवन निर्माण सामग्री डालने वाले लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, संबंधित व्यक्तियों से कचरा हटाने का खर्च भी वसूला जाएगा। इसके लिए नगर परिषद को विभिन्न स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया है।

“आपन सरस्वतिया” अभियान अब एक जनआंदोलन का रूप लेता दिख रहा है, जिसमें प्रशासन और समाज मिलकर शहर की जीवनदायिनी नदी को पुनर्जीवित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें