
मुंबई: भोजपुरी सिनेमा के चर्चित स्टार पवन सिंह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है। पवन सिंह के मुताबिक, शनिवार को एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल रिसीव किया तो कॉल करने वाले शख्स ने कहा- हम लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य बोल रहे हैं। इसके बाद कहा- तुम्हें सलमान खान के साथ मंच साझा नहीं करना है। इसके साथ ही मोटी रकम की भी डिमांड की।
पवन सिंह फिलहाल मुंबई में हैं और वे बिग बॉस 19 के ग्रैंड फिनाले में गेस्ट के रूप में शामिल होंगे। हालांकि, इस घटना के बाद पवन सिंह ने अभी तक पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। केवल फॉर्मल जानकारी दी गई है और उसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पवन सिंह की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्क हैं। उनके प्रोटोकॉल को सख्त कर दिया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। बताया जा रहा है कि शो के खत्म होने के बाद पवन सिंह पुलिस के पास जाकर आधिकारिक शिकायत दर्ज करेंगे और इसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फैंस और मीडिया में इस खबर को लेकर काफी चर्चा है। पवन सिंह का बिग बॉस फाइनल में शामिल होना और साथ ही धमकी मिलने की खबर ने उनके प्रशंसकों में चिंता भी बढ़ा दी है। हालांकि, सुरक्षा बढ़ाने के उपायों के चलते किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को कम किया गया है।
आज रात बिग बॉस 19 का ग्रैंड फिनाले होने जा रहा है, जिसमें कई बड़े सितारे शामिल होंगे। इस शो में पवन सिंह का शामिल होना भोजपुरी सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपने फिनाले में आने की जानकारी दी है, जिसके बाद उनके फैंस में उत्साह की लहर दौड़ गई है।
यह पहली बार है जब भोजपुरी सिनेमा का इतना बड़ा स्टार बिग बॉस के ग्रैंड फिनाले का हिस्सा बन रहा है। फैंस खास तौर पर उनके प्रदर्शन को देखने के लिए बेकरार हैं।



