---Advertisement---

धनबाद में ACB की बड़ी कार्रवाई, आय से अधिक संपत्ति मामले में रिटायर्ड जमादार गिरफ्तार

On: March 3, 2026 5:27 PM
---Advertisement---

धनबाद: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात रिटायर्ड जमादार लालेश्वर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की टीम ने रात करीब आठ बजे हीरापुर एक्स कोल बोर्ड कॉलोनी स्थित उनके आवास पर छापेमारी कर उन्हें हिरासत में लिया।
बताया जाता है कि लालेश्वर सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री रीता वर्मा के बॉडीगार्ड भी रह चुके हैं। उनके खिलाफ लंबे समय से आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसकी जांच कई वर्षों से जारी थी।

लालेश्वर सिंह के खिलाफ वर्ष 2016 में ही शिकायत मिली थी। फरवरी 2019 में एसीबी ने प्रारंभिक जांच (पीई) दर्ज की। जांच के दौरान संपत्ति और आय के स्रोतों की गहन पड़ताल की गई। सितंबर 2020 में तत्कालीन एसपी द्वारा 191 पन्नों की विस्तृत जांच रिपोर्ट एसीबी मुख्यालय को सौंपी गई थी। रिपोर्ट में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की पुष्टि के बाद वर्ष 2023 में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

एसीबी सूत्रों का दावा है कि ड्यूटी के दौरान लालेश्वर सिंह ने 15 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की। जांच में उनकी चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश का ब्योरा खंगाला गया। शिकायत के आधार पर साक्ष्य जुटाने के बाद ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।

एसीबी की धनबाद टीम ने देर रात उनके घर को चारों ओर से घेर लिया था ताकि किसी तरह की कानूनी या सुरक्षा बाधा न उत्पन्न हो। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद बिगड़ी तबीयत

गिरफ्तारी के तुरंत बाद लालेश्वर सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया गया कि उनका ब्लड प्रेशर काफी बढ़ गया था। एहतियातन उन्हें धनबाद स्थित एसएनएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now