चतरा

Big Breaking: चतरा में एसपी आवास के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग, निजी गार्ड की मौत; जिला बल का जवान हिरासत में

ख़बर को शेयर करें

झारखंड वार्ता संवाददाता

चतरा। झारखंड के चतरा जिले में सोमवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) के आवास के बाहर दिनदहाड़े हुई फायरिंग से सनसनी फैल गई। गोली लगने से एक निजी सुरक्षा गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फायरिंग का मुख्य आरोपी जिला बल का एक जवान बताया जा रहा है, जिसे पुलिस ने तत्काल हिरासत में ले लिया है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सिमरिया और टंडवा के एसडीपीओ समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल के समीप खड़ी एक फोर्ड एंडेवर कार भी जब्त की है। बताया जा रहा है कि यह वाहन चतरा में बाईपास निर्माण कार्य करा रही रमियां कंस्ट्रक्शन के संचालक एवं गया निवासी रॉकी यादव का है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वाहन से कुछ हथियार भी बरामद किए गए हैं। हालांकि, हथियारों की संख्या और बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। फिलहाल वरीय अधिकारियों ने मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग के कारण, घटनाक्रम और मृतक की पहचान सहित पूरे मामले का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Avatar photo

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।