नई दिल्ली

पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल-प्रियंका समेत कई कांग्रेस नेता हिरासत में

ख़बर को शेयर करें

झारखंड वार्ता संवाददाता

नई दिल्ली। पेपर लीक के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाते हुए आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया।

कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि यह आंदोलन का अंत नहीं, बल्कि राहुल गांधी के नेतृत्व में एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने के लिए गिरफ्तारी, लाठीचार्ज या अन्य कार्रवाई कर सकती है, लेकिन उसे उन लाखों युवाओं को जवाब देना होगा जिनका भविष्य कथित पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन अब और व्यापक रूप लेगा।

वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पार्टी के कई नेताओं के साथ हिरासत के दौरान बदसलूकी की गई। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस अपने विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी और दोबारा भी सड़क पर उतरकर युवाओं के मुद्दों को उठाएगी।

फिलहाल दिल्ली पुलिस की ओर से हिरासत और कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

Avatar photo

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।