
देवघर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के पद पर कार्यरत 50 वर्षीय राकेश कुमार चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। देवघर के बमबम बाबा पथ के पास वह सड़क किनारे गंभीर हालत में मिले, जिसके बाद पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राकेश कुमार चौधरी, मूल रूप से देवघर के मोहनपुर प्रखंड (चलिया गांव) के रहने वाले थे और वर्तमान में देवघर के बिलासी प्रोफेसर कॉलोनी में रहते थे। वह हाल ही में गया जी नगर के बीडीओ के रूप में कार्यरत थे और तबादले के बाद उन्होंने मुजफ्फरपुर जिले में नया योगदान दिया था। शुक्रवार को वह मुजफ्फरपुर जाने वाले थे। शुक्रवार देर शाम वह मोटरसाइकिल से किसी काम के सिलसिले में निकले थे। बाद में बम-बम बाबा पथ के पास वह सड़क किनारे गंभीर हालत में मिले। पुलिस टीम ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, पीसीआर टीम की नजर बम-बम बाबा पथ के पास गंभीर अवस्था में पड़े राकेश कुमार चौधरी पर पड़ी। पुलिसकर्मी तत्काल उन्हें सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद नाजुक थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य सदर अस्पताल पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि राकेश कुमार ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ कैसे और किन परिस्थितियों में खाया। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
मामले में मृतक की पत्नी के बयान ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। पत्नी ने पुलिस को बताया कि एक महिला शिक्षक पिछले कुछ दिनों से उनके पति के संपर्क में थी। पत्नी का आरोप है कि उक्त महिला ने राकेश कुमार को कथित तौर पर झांसे में लेकर ठगी की थी।
पत्नी के मुताबिक, शुक्रवार को भी राकेश कुमार उक्त महिला के घर गए थे। इसके कुछ समय बाद ही वह महिला के घर के बाहर गंभीर हालत में मिले। इस घटनाक्रम को लेकर मृतक की पत्नी ने पुलिस के सामने कई सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने पत्नी के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, उनके संपर्क में रहे लोगों, घटनास्थल और शुक्रवार को उनके आने-जाने की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।






