
जमुई: बिहार के जमुई जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग सड़क पर स्कूटी सवार एक लड़का और लड़की को रोकते और उनके साथ दुर्व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया और इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई है।
वीडियो में नजर आ रहे लड़का-लड़की के बारे में बताया जा रहा है कि दोनों कक्षा 10 के छात्र हैं और जमुई शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ाई करते हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम दोनों कोचिंग के बाद स्कूटी से घूमने निकले थे।
इसी दौरान जमुई-लखीसराय रोड पर कुछ लोगों द्वारा उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी और प्रताड़ना किए जाने का मामला सामने आया है। हालांकि, वीडियो कब का है और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि रात के समय लड़का-लड़की किसी सुनसान स्थान पर मौजूद हैं। इसी दौरान कई युवक वहां पहुंचते हैं और दोनों को चारों तरफ से घेर लेते हैं। इसके बाद भीड़ में शामिल एक युवक लड़की को पीछे से पकड़कर जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करता दिखाई देता है।
वीडियो में लड़की खुद को छुड़ाने की कोशिश करती नजर आती है। इस दौरान युवक ने लड़की को बैड टच भी किया। इस दौरान आसपास मौजूद कुछ लोग हस्तक्षेप करने के बजाय घटना का वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर बाद लड़की के साथ मौजूद लड़का उसे छुड़ाता है। इसके बाद दोनों स्कूटी से वहां से निकल जाते हैं।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जमुई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।
जमुई पुलिस ने कहा है कि जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़ी विस्तृत और आधिकारिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।







