July 26, 2026

भरतुवा में बंदूक साफ करने के दौरान चली गोली: पलामू में बुजुर्ग की मौत, शिकार के लिए रखी थी 40 साल पुरानी बंदूक

ca2f5cc4-0d53-4544-bdc8-3583bcf65d64_1785041594986.jpg


पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के नवाडीह हुटार गांव में अवैध बंदूक साफ करने के दौरान गोली लगने से 75 वर्षीय श्याम लाल भुइयां की मौके पर ही मौत हो गयी. परिजनों के मुताबिक श्याम लाल अपने घर में बैठकर बंदूक साफ कर रहे थे. तभी अचानक बंदूक से गोली चल गयी. गोली सीधे उनके सीने में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गयी. आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृतक के बेटे वीरेंद्र भुइयां ने बताया कि उनके पिता पिछले 40 साल से यह पुरानी बंदूक अपने पास रखे थे. वे कभी-कभी इसका उपयोग जंगल में जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए करते थे। वीरेंद्र के मुताबिक, घटना के वक्त बंदूक में पहले से ही बारूद भरा हुआ था। सफाई के दौरान अचानक ट्रिगर दबने या तकनीकी कारणों से गोली चल गयी. उन्होंने बताया कि उनके पिता पेशे से बढ़ई थे. गांव में वह मेहनती व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे. इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गयी. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर रविवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम किया गया. थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बंदूक साफ करते समय हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने भी यही जानकारी दी है कि गोली अवैध बंदूक साफ करते समय चली है. हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. अवैध हथियार रखने के मामले में भी कार्रवाई होने की संभावना है. इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है.

Source link

ख़बर को शेयर करें।

You may have missed