
डोडा: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में शनिवार को एक 21 वर्षीय युवती ने चिनाब नदी में छलांग लगा दी। घटना प्रेम नगर के पास शिवा दल पुल पर दोपहर करीब 2 बजे हुई। नदी में छलांग लगाने के बाद से युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और स्थानीय लोग नदी में उसकी तलाश कर रहे हैं।
लापता युवती की पहचान 21 वर्षीय पायल देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार को पायल गांव में आयोजित एक स्थानीय मेले में गई थी। कुछ देर बाद उसने अपने पिता कृष्ण लाल को फोन कर तबीयत खराब होने की बात कही और डॉक्टर के पास जाने की जानकारी दी। हालांकि, डॉक्टर नहीं मिलने के बाद वह एक व्यक्ति के साथ बाइक से वापस लौट रही थी।
पिता से फोन पर हुई आखिरी बातचीत
परिजनों के मुताबिक, इसी दौरान बाइक सवार व्यक्ति ने पायल के पिता को फोन किया और बताया कि उनकी बेटी उनसे बात करना चाहती है। इसके बाद पायल अचानक चिनाब नदी की ओर चली गई।
पिता कृष्ण लाल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने फोन पर बेटी से कई बार पूछा कि आखिर उसे क्या परेशानी है और क्या कोई उसे परेशान कर रहा है। इस पर पायल ने कथित तौर पर कहा, “नहीं पापा, यह मेरी अपनी जिंदगी है। मेरा दिल कह रहा है कि मुझे इसी रास्ते जाना चाहिए।”
इसके बाद उसने पिता से “बाय-बाय पापा” कहा और शिवा दल पुल से चिनाब नदी में छलांग लगा दी।
पुलिस और SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से नदी में युवती की तलाश शुरू की गई, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। नदी के तेज बहाव को देखते हुए रेस्क्यू टीम को तलाश में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। युवती के नदी में छलांग लगाने के पीछे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की जांच जारी है।







