श्री बंशीधर नगर (गढ़वा):– नगर ऊंटारी से बर्थडे पार्टी के बाद रहस्यमय ढंग से लापता हुए तीनों नाबालिग बच्चों को श्री बंशीधर नगर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कानपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। यह राहत की खबर बुधवार को मिली जब पुलिस ने सभी बच्चों को कानपुर से लाकर उनके परिजनों को सौंप दिया।
नगर ऊंटारी थाने के सहायक अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि 18 अप्रैल को तीन नाबालिग बच्चे अहिपुरवा में अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने घबराकर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पूछताछ के दौरान बच्चों ने बताया कि पार्टी देर रात तक चलने की वजह से उन्हें परिजनों के डांट का डर सताने लगा। ऐसे में तीनों बच्चे घर लौटने की बजाय नगर ऊंटारी रेलवे स्टेशन पहुंचे और नाना-नानी के घर जाने का बहाना बनाकर टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हो गए।
कानपुर पहुंचने पर रोशन नामक बच्चे ने दिल्ली में रहने वाली अपनी बुआ से मिलने की योजना बनाई। तीनों बच्चे दिल्ली पहुंचे और लाल किला घूमने के बाद लौटने के लिए ट्रेन में सवार हो गए। इसी दौरान उन्होंने अपने परिजनों से संपर्क कर अपनी पूरी स्थिति बताई।
कानपुर स्टेशन पर उतरने के बाद बच्चे कुछ समय तक भटकते रहे, फिर एक रिक्शा चालक की मदद से घर पर फोन किया। सूचना मिलते ही नगर ऊंटारी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कानपुर में आरपीएफ से संपर्क कर बच्चों को सुपुर्द करने का अनुरोध किया।
आरपीएफ ने प्राथमिक पूछताछ के बाद तीनों बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर कमिटी (CWC) को सौंप दिया। नगर ऊंटारी पुलिस टीम कानपुर पहुंचकर सीडब्लूसी से बच्चों को हैंडओवर लेकर बुधवार सुबह वापस लौटी। मेडिकल जांच के बाद सभी बच्चों को सीडब्लूसी के जरिए परिजनों को सौंप दिया गया।
बच्चों को सकुशल देखकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे। उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए राहत की सांस ली। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह मामला सकुशल सुलझा और एक बड़ा हादसा टल गया।