---Advertisement---

रांची: कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने किया हमला

On: December 20, 2025 11:04 PM
---Advertisement---

रांची: राजधानी रांची में एक बार फिर अपराधियों का खौफ देखने को मिला है। नगड़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक कारोबारी के आवास पर बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे कुख्यात गैंगस्टर राहुल सिंह गिरोह का नाम सामने आ रहा है, जिसने कुछ दिन पहले ही कारोबारी से रंगदारी की मांग की थी।


सात राउंड फायरिंग, परिवार बाल-बाल बचा


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगड़ी थाना क्षेत्र के बलालौंग में रहने वाले आभूषण कारोबारी राजेश उर्फ बबलू के घर को अपराधियों ने निशाना बनाया। देर रात बाइक से पहुंचे बदमाशों ने करीब सात राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि इस हमले में कारोबारी या उनके परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ, लेकिन फायरिंग के बाद पूरे परिवार में भय और दहशत का माहौल है।


सीसीटीवी में कैद हुई आवाज


घटना के समय घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में फायरिंग और बाइक स्टार्ट करने की आवाज रिकॉर्ड हो गई है। हालांकि, घने कोहरे की वजह से अपराधियों की स्पष्ट तस्वीर कैमरे में कैद नहीं हो सकी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।


व्हाट्सएप पर मिली थी धमकी


जानकारी के मुताबिक, 9 दिसंबर को कारोबारी के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया था। कॉल रिसीव नहीं होने पर उसी नंबर से मैसेज भेजकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। धमकी भरे मैसेज में कहा गया था कि कॉल नहीं उठाने का अंजाम भुगतना पड़ेगा, घर और परिवार की पूरी रेकी की जा चुकी है और समय रहते रकम नहीं देने पर जानलेवा हमला किया जाएगा।


सुरक्षा की मांग, लेकिन नहीं मिला ठोस इंतजाम


धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने नगड़ी थाना में लिखित आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई थी। पुलिस ने आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज की, लेकिन आरोप है कि इसके बाद सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए। करीब 10 दिन बाद अपराधियों ने अपने धमकी को सच साबित करते हुए फायरिंग की वारदात को अंजाम दे दिया।


भागते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हुई अपराधियों की बाइक


फायरिंग के बाद फरार हो रहे अपराधियों की बाइक घने कोहरे के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि अपराधी मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन वे अपनी बाइक और दो हथियार घटनास्थल पर ही छोड़ गए। सूचना मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सहित दोनों हथियारों को जब्त कर लिया।


विदेश से धमकी दे रहा है राहुल सिंह


पुलिस सूत्रों के अनुसार, राहुल सिंह एनकाउंटर में मारे गए अमन साव गिरोह का सदस्य रह चुका है और फिलहाल विदेश में छिपा हुआ है। वहीं से वह इंटरनेट कॉल और मैसेज के जरिए कारोबारियों को लगातार रंगदारी की धमकी दे रहा है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और फरार अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल


इस घटना के बाद राजधानी रांची में एक बार फिर बढ़ती रंगदारी और अपराध की घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कारोबारियों में भय का माहौल है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें