दुमका:झारखंड की उपराजधानी दुमका से सनसनी खेज खबर आ रही है। जहां गांधी मैदान के पास सदर इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे एक महिला और उसकी मासूम बेटी का शव मिला है।घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और माहौल बेहद गमगीन हो गया। घटना की सूचना मिलते हैं पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास की सीसीटीवी फुटेज कंगाल रही है और मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह कुछ लोगों ने झाड़ियों के पास दो शव पड़े देखे। करीब जाकर देखने पर पता चला कि एक महिला और एक छोटी बच्ची की लाश है। इसके बाद तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। बच्ची की भी बेरहमी से हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शिनाख्त अब तक नहीं, पुलिस जुटी जांच में
सबसे बड़ी बात यह है कि मृतका और बच्ची की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। साथ ही इलाके के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि शिनाख्त हो सके। घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस के साथ सदर एसडीपीओ विजय कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि मौके से साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और जल्दबाजी में किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जाएगा।









