
जमशेदपुर:
परसुडीह बाजार क्षेत्र में बुधवार सुबह सड़क किनारे एक अज्ञात बुजुर्ग का शव बरामद किया गया है। मृतक की उम्र लगभग 70 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उक्त बुजुर्ग पिछले कुछ समय से परसुडीह बाजार इलाके में ही रहते थे और मांगकर अपना गुजारा करते थे। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने उन्हें सड़क किनारे अचेत अवस्था में देखा। इसके बाद स्थानीय प्रतिनिधि चंदन यादव ने मामले की जानकारी परसुडीह पुलिस को दी।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है; पुलिस रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।




