धनबाद: जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रविवार को सदर थाना क्षेत्र के सूर्य हाइलैंड सोसाइटी स्थित विकास खंडेलवाल के आवास से बाबूडीह खटाल निवासी और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के लिए लोन रिकवरी का काम करने वाले अमित कुमार का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में विकास खंडेलवाल को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
मृतक के परिजनों ने अमित के लापता होने को लेकर पहले ही धनबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि अमित के मोबाइल फोन से 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही है। यही फिरौती कॉल इस पूरे मामले में अहम कड़ी साबित हुई। परिजनों के अनुसार, अमित शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि वे देर से लौटेंगे। दोपहर करीब 2 बजे जब परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो मोबाइल फोन बंद मिला। लगातार संपर्क नहीं हो पाने से परिवार को अनहोनी की आशंका होने लगी। कुछ समय बाद अमित के ही मोबाइल फोन से एक अज्ञात शख्स का कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि अमित उसके पास हैं और 15 लाख रुपये नहीं देने पर गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
मामले की सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने सबसे पहले टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर अमित के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की। पुलिस को जानकारी मिली कि मोबाइल फोन डांगी मोड़ के पास फेंक दिया गया है। मोबाइल बरामद होने के बाद जांच की दिशा और साफ हो गई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर विकास खंडेलवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने अमित कुमार की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने बताया कि अमित और उसके बीच करीब एक करोड़ रुपये के लोन सेटलमेंट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसने अमित को अपने घर बुलाया और वहां हत्या कर शव को घर में ही छिपा दिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं और फिरौती की साजिश पहले से रची गई थी या नहीं। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके में दहशत का माहौल है।














