
जमशेदपुर: बागबेड़ा-कीताडीह क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जुस्को द्वारा नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं किए जाने को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का एक प्रतिनिधिमंडल पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार से मिला और उन्हें मांग पत्र सौंपकर तत्काल सफाई व्यवस्था बहाल कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि बागबेड़ा एवं कीताडीह क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जुस्को द्वारा नियमित साफ-सफाई का कार्य नहीं कराया जा रहा है। बरसात के मौसम में जगह-जगह गंदगी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई एवं कचरा उठाव बेहद आवश्यक है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक संजीव सरदार ने तत्काल जुस्को के महाप्रबंधक आर.के. सिंह से दूरभाष पर बातचीत की और बागबेड़ा-कीताडीह क्षेत्र में पुनः नियमित रूप से साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। विधायक ने सफाई व्यवस्था की निगरानी एवं समन्वय के लिए नरेश लाल एवं विष्णु क्रेकटा को जिम्मेदारी भी सौंपी।
विधायक के हस्तक्षेप के बाद क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि बागबेड़ा-कीताडीह में नियमित सफाई व्यवस्था शुरू होने से बरसात के मौसम में गंदगी एवं संक्रमण से उत्पन्न होने वाली समस्याओं से लोगों को राहत मिलेगी।
इस मौके पर नरेश लाल, विष्णु क्रेकटा, संजय महतो, पप्पू उपाध्याय,अजय पासवान, नीता सरकार एवं पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।




