---Advertisement---

धनबाद: व्यवसायी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पत्नी ने शव को छूने से किया इनकार

On: February 2, 2026 9:43 PM
---Advertisement---

धनबाद: जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। इलाके के रहने वाले व्यवसायी फाल्गुनी मुखर्जी (57) ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेज दिया।


मृतक फाल्गुनी मुखर्जी हीरापुर पार्क मार्केट में विवेकानंद चौक के पास बैग की दुकान चलाते थे और स्थानीय व्यापारियों में उनकी पहचान एक शांत स्वभाव के व्यक्ति के रूप में थी। परिजनों के अनुसार, रोज की तरह रविवार रात दुकान बंद कर वे घर लौटे थे। रात का भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए।


सोमवार सुबह करीब दस बजे तक जब उनका दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को शक हुआ। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने चाबी से दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए। फाल्गुनी मुखर्जी का शव रस्सी के सहारे पंखे से झूलता हुआ मिला।


परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उन पर कर्ज का दबाव था और बैंक की ओर से लगातार नोटिस और फोन आने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसी तनाव में वे काफी परेशान रहने लगे थे।


वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक के वैवाहिक जीवन में भी तनाव बना हुआ था। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, जिसे लेकर दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ कई बार शिकायत भी दर्ज कराई थी। कुछ दिन पहले भी दोनों थाना पहुंचे थे, जहां आपसी विवाद को लेकर समझाने-बुझाने की कोशिश की गई थी।


घटना के बाद एक और बात चर्चा का विषय बनी रही। जब पुलिस शव को कब्जे में ले रही थी, उस दौरान मृतक की पत्नी ने ना तो शव को छुआ और न ही पास जाकर देखा। बताया गया है कि मृतक की पत्नी धनबाद पब्लिक स्कूल, हीरक ब्रांच में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। दंपती की एक बेटी है, जो फिलहाल बाहर रहकर पढ़ाई कर रही है।


घटना की खबर फैलते ही घर पर रिश्तेदारों और परिचितों का जमावड़ा लग गया, लेकिन माहौल बेहद गमगीन और सहमा हुआ था। कोई भी खुलकर कुछ कहने को तैयार नहीं था।


पुलिस ने मौके से मृतक का मोबाइल फोन और फांसी में प्रयुक्त रस्सी जब्त कर ली है। बरवाअड्डा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर आगे की कार्रवाई और स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now