रांची: ओडिशा के पुरी में समुद्र स्नान के दौरान रांची से घूमने गए एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शनिवार सुबह समुद्र में नहाते समय तेज रिप करंट की चपेट में आने से मां और बेटे की डूबकर मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना चक्रतीर्थ रोड स्थित पिक हाउस के पास हुई, जहां परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
मृतकों की पहचान रांची के धुर्वा निवासी अंकिता गुप्ता (48 वर्ष) और उनके पुत्र हंसराज गुप्ता उर्फ अंकित (25 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अंकिता गुप्ता अपने बेटे के साथ समुद्र में स्नान करने गई थीं। इसी दौरान अचानक तेज लहरों और रिप करंट के कारण अंकिता गुप्ता गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। मां को डूबता देख हंसराज उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी समुद्र की तेज लहरों में फंस गया।
घटना के बाद समुद्र तट पर मौजूद लोगों और निजी लाइफगार्ड की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया। तत्काल उन्हें इलाज के लिए पुरी के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
बताया जा रहा है कि हंसराज गुप्ता रांची के टाटीसिल्वे स्थित सीआईटी कॉलेज में बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स) के फाइनल ईयर के छात्र थे। वह माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनकी बहन तान्या गुप्ता बेंगलुरु में रहती हैं।
हंसराज के पिता अमरजीत प्रसाद, जो आरएसएस के धुर्वा क्षेत्र में पूर्व नगर कार्यवाह रह चुके हैं, घटना के समय रांची में ही मौजूद थे। जैसे ही हादसे की सूचना मिली, परिवार में कोहराम मच गया। धुर्वा स्थित उनके आवास पर रिश्तेदारों, परिचितों और स्थानीय लोगों का तांता लग गया, जो शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे।
परिवार के अनुसार, मां-बेटे के पार्थिव शरीर रविवार को पुरी से रांची लाए जाएंगे। बहन तान्या गुप्ता के बेंगलुरु से पहुंचने के बाद धुर्वा के सिठियो श्मशान घाट में दोनों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।













