श्री बंशीधर नगर

श्री बंशीधर नगर की बहू बनीं डॉ. अनिता कुमारी, मनोविज्ञान में हासिल की पीएचडी की उपाधि

ख़बर को शेयर करें

झारखंड वार्ता संवाददाता


श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर के प्रतिष्ठित परिवार की बहू अनिता देवी ने मनोविज्ञान विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बभनी गांव निवासी रवींद्र प्रताप देव के पुत्र अनूप देव उर्फ विक्की देव की पत्नी अनिता अब डॉ. अनिता कुमारी के नाम से जानी जाएंगी। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार डॉ. अनिता कुमारी शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गया जिले में हुई। इसके बाद उन्होंने मगध यूनिवर्सिटी से स्नातक तथा नीपी यूनिवर्सिटी से मनोविज्ञान विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। शिक्षा के प्रति लगन, कठिन परिश्रम और निरंतर समर्पण के बल पर उन्होंने रामचंद्र चंद्रवंशी यूनिवर्सिटी से साईकोलॉजी विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल की।

अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए डॉ. अनिता कुमारी ने इसका श्रेय अपने पति अनूप देव उर्फ विक्की देव एवं ससुर रवींद्र प्रताप देव को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, विश्वास और प्रोत्साहन ने उन्हें हर कदम पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, धैर्य और परिवार का साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने की सबसे बड़ी ताकत होती है।

डॉ. अनिता की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र की बेटियों और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

Avatar photo

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।