झारखंड:पाकुड़ जिले से एक खौफनाक कांड सामने आ रही है जहां शराबी पति ने कुदाल से हमला कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया और बचाने आई बेटी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और तो और साक्ष्य छुपाने के लिए गड्ढे में दफना दिया। मामला महेशपुर प्रखंड के रद्दी ओपी क्षेत्र स्थित गाडामारा क्षेत्र की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचे और पति नरेश टुडू को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और शराब के नशे में हत्या की बात सामने आ रही है। पुलिस ने दोनों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से ग्रामीण में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी नरेश टुडू शराब पीने का आदी था। वह आए दिन पत्नी सूरुज किस्कु के साथ झगड़ा और मारपीट करता था। कुछ दिन पहले ही वह पश्चिम बंगाल के एक ईंट भट्ठे से काम करके गांव लौटा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर जोरदार विवाद हुआ। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में नरेश ने कुदाल उठाकर पत्नी सूरुज किस्कु पर हमला कर दिया। वार इतना खतरनाक था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घर में हो रहे झगड़े और चीख-पुकार सुनकर 12 वर्षीय बेटी नेहा टुडू मां को बचाने दौड़ी। लेकिन आरोपी पिता ने बेटी पर भी रहम नहीं किया। उसने बच्ची का गला दबाकर उसकी भी हत्या कर दी। गांव वालों का कहना है कि मासूम नेहा अपनी मां से बहुत जुड़ी हुई थी। किसी ने नहीं सोचा था कि एक पिता अपनी ही बेटी की जान ले लेगा।
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने पत्नी के शव को गांव में ही जुनाश टुडू के निर्माणाधीन मकान के पास गड्ढा खोदकर दफना दिया। वहीं बेटी का शव घर के आंगन में छिपाकर रखा गया। इसके बाद आरोपी ऐसे घर में सो गया जैसे कुछ हुआ ही नहीं हो।
गुरुवार को गांव वालों को घर के आसपास संदिग्ध हालात दिखे। सूरुज किस्कु नजर नहीं आ रही थी और बच्ची भी गायब थी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर इंस्पेक्टर मदन कुमार शर्मा, सीओ संजय सिन्हा, महेशपुर थानेदार रवि शर्मा और रद्दी ओपी प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय पहुंचे। जांच के दौरान घर के आंगन से नेहा टुडू का शव बरामद हुआ। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया। उसकी निशानदेही पर निर्माणाधीन घर में खुदाई की गई, जहां से सूरुज किस्कु का शव बरामद हुआ।
मृतका के भाई लखन किस्कु के मुताबिक सूरुज किस्कु की यह तीसरी शादी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेश अक्सर शराब पीकर बहन के साथ मारपीट करता था। परिवार वालों को पहले से ही किसी अनहोनी का डर था।
घटना के बाद गाड़ामारा गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार में मां-बेटी की हत्या से लोग स्तब्ध हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते आरोपी की हरकतों पर रोक लगती, तो शायद दो जिंदगियां बच सकती थीं।
पुलिस क्या कह रही है
पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।










