सिल्ली:– सिल्ली के राधिका मैदान में गुरुवार के दिन राधिका स्मारक समिति की ओर से स्वर्गीय डॉ. राधिका प्रसाद साहू की 125वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। डॉ. राधिका बाबू अपने जीवनकाल में एक प्रसिद्ध चिकित्सक एवं सामाजिक कार्यकर्ता थे, जो आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबों को निःशुल्क चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए जाने जाते थे।
जयंती समारोह के अवसर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सीनियर एवं जूनियर वर्ग के लड़के-लड़कियों के साथ-साथ महिलाओं एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेलकूद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिल्ली प्रखंड प्रमुख जितेंद्र नाथ बड़ाइक, विशिष्ट अतिथि के रूप में सिल्ली के राजा पुष्पेंद्र नाथ सिंह देव तथा सिल्ली थाना के एसआई रवि कुमार वर्मा उपस्थित रहे।
खेलकूद कार्यक्रम के समापन के पश्चात डॉ. राधिका बाबू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर राधिका स्मारक समिति के अध्यक्ष भागवत सोनार ने कहा कि डॉ. राधिका बाबू का जीवन हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने अपने जीवन को गरीबों की सेवा में समर्पित कर दिया था।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राधिका स्मारक समिति के नगेन नाग, भादुड़ी गोराई, सोनू साहू, जगदीश चंद्र गोराई, ऋषिकेश सोनार, कृष्णकांत मिश्रा, दिनेश बनर्जी, देबू सोनार, हरेंद्र गोराई, समीर सोनार, शुभम चंद, कुंदन गोराई, सोनू गोराई, मनोज विश्वकर्मा, भोला सोनार, नवल किशोर गुप्ता, संजय कोइरी समेत अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम के दौरान छोटे-छोटे बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में विभिन्न आकर्षक वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने डॉ. राधिका बाबू के जीवन और कार्यों को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।












