---Advertisement---

दुमका: महिला मित्र के साथ होटल में ठहरे मदरसा शिक्षक की संदिग्ध मौत, महिला हिरासत में

On: March 26, 2026 10:07 PM
---Advertisement---

दुमका: झारखंड के दुमका जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधानी टावर चौक के पास स्थित एक होटल में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मोहम्मद सादिक हुसैन अंसारी (47) के रूप में हुई है, जो गोड्डा जिले के एक मदरसे में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, होटल के कर्मचारियों ने एक व्यक्ति के कमरे में बेहोश पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच के दौरान पता चला कि मृतक सादिक हुसैन होटल के एक कमरे में एक महिला के साथ ठहरे हुए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार देर शाम परिजन शव को अपने साथ ले गए।

मृतक के परिजनों ने इस घटना को हत्या करार देते हुए महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि महिला ने साजिश के तहत सादिक हुसैन को जहर देकर मार डाला। परिजनों के अनुसार, इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक और संबंधित महिला के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध थे। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है।

पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि दोनों गुरुवार को साथ में भोजन करने के बाद कमरे में लौटे थे। इसी दौरान अचानक सादिक की तबीयत बिगड़ गई और वे तड़पने लगे। कुछ समय बाद जब वे शांत हो गए, तो उसे लगा कि वे सो गए हैं। लेकिन काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वह घबरा गई और होटल कर्मचारियों को इसकी सूचना दी।

थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और महिला से लगातार पूछताछ कर मामले की सच्चाई जानने का प्रयास किया जा रहा है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now