---Advertisement---

दुमका:संथाल परगना मोटर मजदूर संघ का ऐलान,अध्यक्ष पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक बस सेवा ठप

On: March 9, 2026 7:07 PM
---Advertisement---

दुमका:संताल परगना मोटर मजदूर संघ के अध्यक्ष अरुण सिंह पर जानलेवा हमले और आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं होने के खिलाफ दुमका में मंगलवार से बस सेवा पूरी तरह ठप रहेगी।

संताल परगना मोटर मजदूर संघ के मुताबिक जिले से कोई भी बस संचालित नहीं होगी. संघ ने साफ कहा है कि जब तक उनके अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी. इस फैसले के बाद अटल बिहारी वाजपेयी बस स्टैंड से चलने वाली सभी बसें मंगलवार से बंद रहेंगी.

गौरतलब हो कि 24 फरवरी 2026 की सुबह करीब 6:10 बजे संताल परगना मोटर मजदूर संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था. बताया जाता है कि डीआईजी कार्यालय के सामने बाइक सवार दो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी. गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद उन्हें फुलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. बाद में हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें आसनसोल रेफर कर दिया गया.

घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने से बस कर्मियों में भारी नाराजगी है. संघ के सदस्यों का कहना है कि जब तक अपराधियों को पकड़ा नहीं जाता, तब तक वे खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर सकते. इसी वजह से मजदूर संघ ने बस संचालन बंद करने का फैसला लिया है.

दुमका बस संघ के पदाधिकारियों ने इस मामले को लेकर जिले के पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा है. इसमें आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग के साथ बस स्टैंड परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही गई है. संघ का कहना है कि शाम होते ही बस पड़ाव में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है. वहीं पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है.

दुमका बस पड़ाव से संताल परगना के अलग-अलग जिलों के लिए हर दिन बड़ी संख्या में बसें चलती हैं. ऐसे में बस सेवा बंद होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आरोपियों की गिरफ्तारी कब तक होती है और बस सेवा कब बहाल हो पाती है.

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now