
रांची: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने रांची, दिल्ली और कोलकाता में एक साथ कुल सात ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है।
केंद्रीय जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, ईडी की यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के बिधाननगर थाने में दर्ज एक प्राथमिकी से जुड़े मामले की जांच के तहत की जा रही है। मामला कथित तौर पर अखबार के जरिए सांप्रदायिक सद्भाव को प्रभावित करने वाली सामग्री के प्रकाशन, संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और कथित अवैध फंडिंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
रांची में कोकर स्थित ‘अखबार-ए-मशरिक’ के कार्यालय में ईडी की टीम दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है। मोहम्मद नदीमुल हक उर्दू अखबार ‘अखबार-ए-मशरिक’ के निदेशक भी हैं। जांच एजेंसी इस बात की पड़ताल कर रही है कि अखबार के प्रबंधन और उससे जुड़े संस्थानों के वित्तीय लेनदेन में किसी तरह की अनियमितता या संदिग्ध फंडिंग तो नहीं हुई।
आरोपों के मुताबिक, कुछ संदिग्ध माध्यमों से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल ऐसी गतिविधियों में किए जाने की शिकायत सामने आई थी, जिनसे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
छापेमारी के दौरान ईडी की टीमें सांसद और अखबार प्रबंधन से जुड़े बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों, लेनदेन के रिकॉर्ड और फंड के स्रोत से संबंधित कागजात खंगाल रही हैं। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संबंधित रकम कहां से आई और उसका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया गया।






