
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले की पुलिस व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने के उद्देश्य से जिले के कई पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है। डीआईजी कोल्हान की मंजूरी के बाद एसएसपी ने जिलादेश संख्या 1559/2026 जारी कर 12 इंस्पेक्टर और 14 सब इंस्पेक्टर के तबादले एवं नई पदस्थापना का आदेश दिया है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने को कहा गया है।
कई महत्वपूर्ण थानों की बदली कमान
जारी आदेश के मुताबिक राजन कुमार को आजादनगर थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं संजय सुमन को सोनारी, प्रशांत कुमार सिंह को गोलमुरी और राजेन्द्र मुंडा को परसुडीह थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह भूषण कुमार को घाटशिला थाना प्रभारी, नित्यानंद प्रसाद को साकची यातायात थाना प्रभारी और बिरेन्द्र कुमार को मानगो थाना प्रभारी बनाया गया है। अजय कुमार को घाटशिला अंचल का अंचल निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
वहीं चन्दन कुमार और शंकर कुमार को पुलिस केंद्र गोलमुरी में पदस्थापित किया गया है। मधुसूदन दे और अविनाश कुमार को साइबर अपराध थाना में नई जिम्मेदारी दी गई है।
सब इंस्पेक्टर स्तर पर भी बड़ा बदलाव
सब इंस्पेक्टर स्तर पर भी कई अधिकारियों को अलग-अलग थानों में भेजा गया है। शंकर कुशवाहा और सुनील कुमार भोक्ता की पदस्थापना गोलमुरी थाना में की गई है। वहीं अभिषेक कुमार-1 और अनुज कुमार सिंह को परसुडीह थाना में तैनात किया गया है।
इसके अलावा रवि होनाहागा को बहरागोड़ा, कुमार इन्द्रेश को बरसोल, पवन कुमार-1 को श्यामसुंदरपुर और धनंजय पासवान को कमलपुर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है।
आदेश के तहत मुकेश साव को साकची थाना, अमित कुमार चौधरी को कोवाली थाना प्रभारी, करमपाल भगत को मुसाबनी थाना प्रभारी, पंचम तिग्गा को कदमा थाना और अमित कुमार-3 को डुमरिया थाना प्रभारी बनाया गया है। अशोक कुमार-2 को पुलिस केंद्र गोलमुरी में पदस्थापित किया गया है।
थाना स्तर पर पुलिसिंग मजबूत करने की कोशिश
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को थाना स्तर पर व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के अनुसंधान और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में तेजी लाने की चुनौती होगी।
एसएसपी की ओर से जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को बिना विलंब नई पदस्थापना स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।




